बागेश्वर धाम पहुंचे अनंत अंबानी, बागेश्वर सरकार ने कराए दिव्य दर्शन एवं यज्ञ-हवन
छतरपुर। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी ने मंगलवार को बागेश्वर धाम पहुंचकर श्री बागेश्वर बालाजी भगवान के दर्शन किए। इस दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

धाम पहुंचने पर बागेश्वर सरकार ने अनंत अंबानी का मुद्गर, बलजीबी रुद्राक्ष की माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने अनंत अंबानी को श्री बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार के पावन दर्शन कराए तथा धाम की आध्यात्मिक परंपरा और महिमा से अवगत कराया।

दर्शन के उपरांत बागेश्वर सरकार और अनंत अंबानी ने श्री बागेश्वर बालाजी भगवान की आरती की तथा देश, धर्म और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके पश्चात दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित यज्ञ-हवन में आहुतियां अर्पित कीं। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही काशी (वाराणसी) से पधारे विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
बागेश्वर धाम में अनंत अंबानी की इस आध्यात्मिक यात्रा को श्रद्धा, सेवा और सनातन परंपरा के प्रति उनकी आस्था का प्रतीक माना जा रहा है।








