हीराबाड़ी में गैस रेगुलेटर फटने से कच्चे मकान में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर खाक
छिंदवाड़ा/उमरेठ। जिले के उमरेठ तहसील अंतर्गत ग्राम हीराबाड़ी में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में खराबी आने से कृषक शोभाराम पिता कलीचंद (उम्र 36 वर्ष) के कच्चे मकान में भीषण आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अचानक रेगुलेटर फटने से आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान – अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में आने से मकान मालिक शोभाराम भी झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

दमकल ने पाया काबू, पुलिस-प्रशासन मौके पर –
घटना की सूचना मिलते ही उमरेठ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर उमरेठ थाना पुलिस, राजस्व विभाग के पटवारी एवं ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक भी मौके पर पहुंचे और मौका पंचनामा तैयार किया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार के सामने अब रहने, सोने और भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

रेगुलेटर में खराबी कैसे आई और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पीड़ित परिवार को शासन-प्रशासन से मदद की दरकार है।








