भाजपा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 4 जुलाई को, केंद्रीय मंत्री डी.डी. उइके करेंगे संबोधित
छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 4 जुलाई (शनिवार) को स्थानीय अग्रवाल पैलेस में आयोजित होगा। यह सम्मेलन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम के जिला संयोजक कमलेश उइके ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास (डी.डी.) उइके, जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला तथा भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, संगठन एवं बूथ सशक्तिकरण, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसंपर्क अभियान को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
सम्मेलन में जिले के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, वरिष्ठ भाजपा नेता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम संयोजक कमलेश उइके ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।








