Home CITY NEWS हरदुआमाल बालक आश्रम में व्यवस्थाओं पर सवाल, 10–12 बच्चों की मौजूदगी का...

हरदुआमाल बालक आश्रम में व्यवस्थाओं पर सवाल, 10–12 बच्चों की मौजूदगी का दावा..!

हरदुआमाल बालक आश्रम में व्यवस्थाओं पर सवाल, 10–12 बच्चों की मौजूदगी का दावा

शिष्यवृत्ति वितरण की जांच की मांग, विभागीय निरीक्षण से सामने आ सकती है वास्तविक स्थिति

चौरई। विकासखंड चौरई के हरदुआमाल बालक आश्रम में बच्चों की उपस्थिति और शिष्यवृत्ति वितरण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आश्रम शाला में वर्तमान में मात्र 10 से 12 बच्चे ही रह रहे हैं, जबकि सभी बच्चों की शिष्यवृत्ति निकाले जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

मामले में संबंधित विभाग द्वारा आश्रम शाला का औचक निरीक्षण किए जाने की मांग उठ रही है। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या, उपस्थिति पंजी, प्रवेश रिकॉर्ड और शिष्यवृत्ति वितरण से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।

पहले भी सामने आ चुकी है लापरवाही की शिकायत

बताया जा रहा है कि हरदुआमाल बालक आश्रम में इससे पहले भी लापरवाही के मामले में एक अधीक्षक के निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में आश्रम की वर्तमान व्यवस्थाओं को लेकर विभाग की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कब जागेगा विभाग?

आदिवासी समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आश्रम शालाएं संचालित की जाती हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिष्यवृत्ति वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में कब निरीक्षण करता है और रिकॉर्ड की जांच के बाद क्या स्थिति सामने आती है। फिलहाल, लगाए गए आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। संबंधित अधीक्षक और विभागीय अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।