डॉ. डाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल
छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल, राष्ट्रपति ने जारी की अधिसूचना
नई दिल्ली। राष्ट्रपति ने सोमवार को छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी की। इस बदलाव के तहत मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. डाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, कई अन्य राज्यों में भी राज्यपालों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस फेरबदल में ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है, जबकि केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। तमिलनाडु के राज्यपाल रहे आर.एन. रवि को अन्य जिम्मेदारी सौंपे जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा, दुर्गादास गोतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
डॉ. डाल सिंह बिसेन मध्यप्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उनका जन्म 14 मई 1952 को सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। वे वर्ष 1990 से 2008 तक मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद वर्ष 2003 से 2005 तक मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2019 में वे बालाघाट लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए और 2024 तक इस पद पर रहे।
डॉ. बिसेन की उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति को मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके राजनीतिक अनुभव और लंबे सार्वजनिक जीवन को देखते हुए अब वे राज्यपाल के रूप में नई संवैधानिक जिम्मेदारी निभाएंगे।








