पांढुर्ना में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, स्मार्ट मीटर और महंगाई के मुद्दे पर सरकार घिरी
पांढुर्ना(पंचायत दिशा समाचार) शहर में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर योजना एवं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आमजन, किसान और मध्यम वर्ग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को इन समस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल राहत देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर योजना पर पुनर्विचार एवं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।







