Home CITY NEWS छिंदवाड़ा में पानी की समस्या से त्रस्त वार्ड 29 के नागरिकों का...

छिंदवाड़ा में पानी की समस्या से त्रस्त वार्ड 29 के नागरिकों का फूटा गुस्सा, पार्षद संग निगम पहुंचे, सौंपा ज्ञापन

पानी की समस्या से त्रस्त वार्ड 29 के नागरिकों का फूटा गुस्सा, पार्षद संग निगम पहुंचे, सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)।
लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे वार्ड क्रमांक 29 के नागरिकों का आक्रोश आखिरकार सामने आ गया। क्षेत्र के लोगों ने पार्षद राहुल मालवीय के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को अवगत कराया कि वार्ड के ढीमरी मोहल्ला, कुम्हारी मोहल्ला, मातंग मोहल्ला, कोष्टी मोहल्ला एवं कबीर वाडा क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है। नागरिकों ने बताया कि पानी सप्लाई का टाइम टेबल भी पूरी तरह बिगड़ चुका है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


इतना ही नहीं, कई इलाकों में नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि जलकर और संपत्ति कर नियमित रूप से देने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधा के रूप में स्वच्छ और समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है।
पार्षद राहुल मालवीय ने ज्ञापन के माध्यम से निगम प्रशासन से मांग की है कि जल सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, गंदे पानी की समस्या की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा सभी मोहल्लों में नियमित और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए।


नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।