छिंदवाड़ा में पेयजल संकट गहराया, कई वार्डों में दूषित पानी से लोगों में आक्रोश
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार):
शहर में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। नगर पालिक निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति अनियमित हो गई है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित रूप से जल कर (वॉटर टैक्स) जमा करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। कई क्षेत्रों में तो कई दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब जिन वार्डों में पानी की आपूर्ति हो रही है, वहां दूषित और गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि इस गंदे पानी के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सभी वार्डों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा दूषित पानी की समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही पाइपलाइन की जांच कर लीकेज और गंदे पानी के मिश्रण को रोका जाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जनहित में आंदोलन और प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







