दलदल में फंसा विकास: चौरा डोंगरी के ग्रामीणों की पुकार, सड़क और पानी को तरसे लोग
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। जिले के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चौरा डोंगरी आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जूझ रही है। गांव का मुख्य मार्ग कच्चा होने के कारण बरसात के दिनों में पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन लगभग ठप हो जाता है। स्थिति इतनी गंभीर है कि लोगों को अपने दैनिक कार्यों, बच्चों की पढ़ाई और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में हालात बद से बदतर हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। पक्की सड़क नहीं होने के कारण न केवल आम जनजीवन प्रभावित है, बल्कि गांव का विकास भी पूरी तरह ठहर सा गया है।
अधिकारियों का गांव आना भी हुआ बंद
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति के चलते अब अधिकारी और कर्मचारी भी गांव आने से कतराने लगे हैं, जिससे शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इससे गांव धीरे-धीरे विकास की मुख्यधारा से कटता जा रहा है।
पानी की समस्या ने बढ़ाई मुश्किलें
सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि गांव में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। नलकूप की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गलमूर उत्खनन की अनुमति देकर नए नलकूप स्थापित किए जाएं, ताकि पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, की त्वरित कार्रवाई की मांग
समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि ग्राम में शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए और नलकूप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्राम पंचायत चौरा डोंगरी के सचिव को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई गई है।
रेजिस्टविटी सर्वे के नाम पर निकलता है करोड़ों रूपए , शासन को पहुंचती है छती , ठेकेदार और अधिकारी हो रहे हैं मालामाल जनता हो रही है परेशान , आखिर रेजिस्टविटी सर्वे होने के बाद क्यों होते हैं बोर फैल ,एक ही परिचय ठेकेदार को ही क्यों दिया जाता है जिले का काम , जल जीवनमिशन में लग रहा कलंक प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना को लग रहे हैं पलीता..?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है या फिर ग्रामीणों को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाता है।







