मंहगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा/चौरई (पंचायत दिशा समाचार)।
विधानसभा क्षेत्र चौरई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती मंहगाई, किसानों की समस्याओं और सरकार की नीतियों के विरोध में एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेस जनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के चलते आम जनता और किसान वर्ग गंभीर संकट से गुजर रहा है। गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और बिजली की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से लोगों का बजट बिगड़ गया है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाई जाए और कालाबाजारी बंद हो। साथ ही होम डिलीवरी सेवा को पूर्ववत चालू किया जाए या शुल्क कम किया जाए। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में नियंत्रण और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
कांग्रेस जनों ने बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लेने, सहकारी समितियों और बैंकों की वसूली की तिथि 31 अप्रैल तक बढ़ाने की मांग की। किसानों के हित में गेहूं का समर्थन मूल्य 5000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और खरीदी गई फसल का भुगतान एक सप्ताह के भीतर किसानों के खातों में डालने की भी मांग की गई।
इसके अलावा आगामी सीजन से पहले खाद की पर्याप्त उपलब्धता और बढ़ी हुई कीमतों में कमी करने की मांग भी रखी गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो पूरे क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।







