बस और पिकअप में भीषण भिड़ंत, 10 की मौत, 26 घायल — सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। गुरुवार शाम छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर ग्राम चिकली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएम कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मोहखेड़ क्षेत्र के ग्रामीणों से भरी बस लौट रही थी, तभी चिकली के पास सामने से आ रही पिकअप वाहन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
मौके पर 6 की मौत, अस्पताल में 4 ने तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि बस चालक और पिकअप चालक सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 4 और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं।
कलेक्टर हरेंद्र नारायण
प्रशासन ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। मौके पर कलेक्टर और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और राहत कार्य देर रात तक जारी रहा।
सुनील उईक विधायक जुन्नारदेव छिंदवाड़ा
नेताओं का अस्पताल पहुंचना, मुआवजे की मांग
कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग की। वहीं देर रात जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
सरकार ने की सहायता राशि की घोषणा
मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।







