छिंदवाड़ा हादसे के बाद सियासत गरम: कांग्रेस विधायक सुनील उईके ने उठाए गंभीर सवाल
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा)। जिले में मुख्यमंत्री Mohan Yadav की रैली से लौट रहे लोगों की बस और पिकअप वाहन की टक्कर में 10 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक Sunil Uikey ने इस पूरे घटनाक्रम पर सरकार की मंशा और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
विधायक सुनील उईके ने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों को ले जाया गया, लेकिन उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मजदूर, जो मनरेगा (रोजगार गारंटी) में काम कर रहे थे, उन्हें भी रैली में शामिल होने के लिए लाया गया, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हुई।

उन्होंने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि हादसे में घायल लोगों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। “मुख्यमंत्री द्वारा 4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन घायलों के इलाज, दवाइयों और जरूरी सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था कैसे होगी, इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया,” उईके ने कहा।
विधायक ने मांग की कि सभी घायलों को बेहतर और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ राहत कार्यों को सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रशासन से उठी जवाबदेही की मांग
हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। परिजन और आम नागरिक प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर इतने बड़े आयोजन के बाद परिवहन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए।







