छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक भिड़ंत में 10–11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल…
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर रोड पर सिमरिया के पास लहसुन से भरे ट्रक और यात्री बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 से 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 31 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार बस में करीब 47 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन (ट्रक/पिकअप) से टक्कर हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
जनसभा से लौट रहे थे यात्री
बताया जा रहा है कि यात्री बस में सवार लोग मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनसभा में शामिल होने के बाद भंडारकुंड लौट रहे थे, तभी सिमरिया के पास यह दुर्घटना हुई।
मृतकों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल
हादसे में मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रशासन मौके पर मौजूद
जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सहित पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य की निगरानी करते रहे। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और घायलों के इलाज की व्यवस्था तेजी से की जा रही है।







