थायराइड ऑपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की हालत, निजी अस्पताल पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
रेफर में देरी और इलाज में लापरवाही का दावा, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार
छिंदवाड़ा[ पंचायत दिशा ]जिले के परासिया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में हुए थायराइड ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज की हालत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर मरीज के परिजनों ने इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला मरीज का थायराइड ऑपरेशन किया गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद स्थिति गंभीर होने पर मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांच के दौरान श्वास नली प्रभावित होने की बात सामने आने का दावा किया गया। फिलहाल मरीज का इलाज जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि इलाज के दौरान आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई और समय पर उचित निर्णय नहीं लिया गया। साथ ही बिलिंग को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष
अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि मरीज की स्थिति जटिल थी और उपचार पूरी सावधानी व निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत किया गया। उनके अनुसार ऑपरेशन से पूर्व आवश्यक सहमति भी ली गई थी और बाद में चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप ही रेफर किया गया।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच की संभावना जताई जा रही है। आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।
🔹 ऑपरेशन के बाद बिगड़ी मरीज की हालत
🔹 परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
🔹 अस्पताल प्रबंधन ने किया खंडन
🔹 जांच के बाद ही तय होगी जिम्मेदारी







