बीझावाड़ा पटवारी पर गंभीर आरोप: किसान की जमीन कम चढ़ाकर मांगी रिश्वत, तहसील व्यवस्था पर उठे सवाल
खसरा में गड़बड़ी कर किसान को किया परेशान, सुधार के नाम पर पैसे मांगने का आरोप..
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। जिले के चौरई तहसील
क्षेत्र के बीझावाड़ा हल्का में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक किसान ने पटवारी पर जमीन रिकॉर्ड में हेरफेर कर आर्थिक लाभ लेने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीझावाड़ा हल्का के किसान गुड्डू सिंह पिता पदम सिंह की कुल भूमि खसरा क्रमांक 135/1 में 1.874 हेक्टेयर दर्ज है। लेकिन जब किसान ने अपनी फार्मर आईडी की जांच की, तो उसमें केवल 0.986 हेक्टेयर जमीन ही दर्ज पाई गई। बाकी भूमि को रिकॉर्ड से बाहर कर दिया गया।
किसान का आरोप है कि यह कोई तकनीकी त्रुटि नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई गड़बड़ी है। इतना ही नहीं, जब उसने इस त्रुटि को सुधारने के लिए पटवारी से संपर्क किया, तो उससे पैसे की मांग की गई। किसान के मुताबिक, बिना रिश्वत दिए कोई भी काम नहीं किया जा रहा है।
खसरा में भी गड़बड़ी के आरोप
पीड़ित किसान का यह भी कहना है कि खसरा रिकॉर्ड में भी “छोड़कानी” (जानबूझकर हिस्से को अलग या कम दिखाना) की गई है, जिससे उसकी वास्तविक भूमि का पूरा विवरण दर्ज नहीं हो पा रहा। इस कारण उसे सरकारी योजनाओं और लाभ से भी वंचित होना पड़ सकता है।
तहसील कार्यालय की भूमिका पर सवाल..?
मामले में सिर्फ पटवारी ही नहीं, बल्कि तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है। सवाल यह उठ रहा है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय किसानों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की जा रही है कि किसान की जमीन का सही रिकॉर्ड तत्काल सुधार कर उसे न्याय दिलाया जाए।
किसानों की चेतावनी
किसान से जब इस विषय मे बात हुई तो किसान का कहना है मुझे तब मालूम पड़ा कि जब मैं ई -टोकन से खाद बुक करा रहा था ! जब मुझे मालूम हुआ ,तब से में पटवारी जी के पास जा रहा हुं , लेकिन अभी तक ठीक नहीं कर रहे हैं और बोल रहे हैं कि इसमें खर्च पानी लगेगा आप पहले दे दीजिए उसके बाद ठीक हो जायेगा । किसान का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई कर मुझे न्याय दिलाया जाए और मेरी फार्मर आईडी ए़व खसरा ठीक कराई जाए…
बीझावाड़ा में जमीन रिकॉर्ड में गड़बड़ी से परेशान किसान, सुधार के लिए भटक रहा दर-दर।







