Home Uncategorized सहकारी बैंक की बैठक में समिति प्रबंधक की कथित हरकत से उठे...

सहकारी बैंक की बैठक में समिति प्रबंधक की कथित हरकत से उठे सवाल…


सहकारी बैंक की बैठक में समिति प्रबंधक की कथित हरकत से उठे सवाल
छिंदवाड़ा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की आधिकारिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के दौरान मैनिखापा समिति के प्रबंधक राकेश चौकसे के शराब का सेवन करते हुए नजर आने का मामला सामने आया है। घटना से बैंक की कार्यप्रणाली, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया गया कि सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक द्वारा जिले की विभिन्न समितियों के कामकाज एवं योजनाओं की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई थी। बैठक में जिले के समिति प्रबंधक और संबंधित अधिकारी ऑनलाइन जुड़े थे। इसी दौरान मैनिखापा समिति के प्रबंधक कथित तौर पर शराब का पैग लेते हुए कैमरे में नजर आए।


कैमरे के सामने हुई कथित हरकत
बैठक सरकारी कार्यों की समीक्षा और दिशा-निर्देशों के लिए आयोजित की गई थी। ऐसे में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान किसी जिम्मेदार पद पर बैठे कर्मचारी के इस तरह नजर आने से बैठक की गंभीरता और विभागीय अनुशासन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब सवाल यह भी है कि यदि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ऐसी स्थिति सामने आई थी, तो क्या संबंधित अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया? क्या मामले की कोई विभागीय जांच कराई गई और संबंधित समिति प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया?
कार्रवाई होगी या मामला ठंडे बस्ते में?
मामले में बैंक प्रबंधन की भूमिका पर भी नजरें टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। वहीं, यदि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधि को लेकर कोई अलग तथ्य है तो बैंक प्रबंधन और संबंधित समिति प्रबंधक का पक्ष भी सामने आना जरूरी है।
अब सवाल यही है कि आधिकारिक बैठक की गरिमा से जुड़े इस मामले में सहकारी बैंक प्रबंधन क्या कदम उठाता है?