Home STATE मेडिकल कॉलेज को 185.47 करोड़ की अतिरिक्त राशि की मंजूरी

मेडिकल कॉलेज को 185.47 करोड़ की अतिरिक्त राशि की मंजूरी

मेडिकल कॉलेज को 185.47 करोड़ की अतिरिक्त राशि की मंजूरी

सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से सिम्स की पुनरीक्षित लागत 953.69 करोड़ हुई

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) के निर्माण को लेकर जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सिम्स अस्पताल एवं अन्य भवनों के निर्माण तथा संबंधित सेवाओं और बाह्य विकास कार्यों के लिए शासन ने 953.69 करोड़ रुपए की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। पूर्व में इस परियोजना के लिए 768.22 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई थी। इस तरह परियोजना की स्वीकृत राशि में 185.47 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है।

बताया गया है कि सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा मुख्य सचिव से मुलाकात कर सिम्स के निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था। इसके बाद मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सिम्स की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति को मंजूरी दी गई।

अतिरिक्त राशि से बढ़ेगा निर्माण का दायरा

सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि स्वीकृत राशि में वृद्धि होने से सिम्स अस्पताल में अतिरिक्त कार्यों के साथ अन्य आवश्यक भवनों का निर्माण भी संभव हो सकेगा। उन्होंने अतिरिक्त राशि की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया।

768.22 करोड़ से बढ़कर 953.69 करोड़

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल एवं अन्य भवनों के निर्माण के लिए 768 करोड़ 22 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई थी। अब शासन ने अस्पताल, अन्य भवनों, संबद्ध सेवाओं तथा बाह्य विकास कार्यों सहित परियोजना के लिए 953 करोड़ 69 लाख रुपए की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

इस वृद्धि के बाद सिम्स परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 953.69 करोड़ रुपए हो गई है, जो पूर्व स्वीकृति की तुलना में 185.47 करोड़ रुपए अधिक है।