लोकार्पण के अगले ही दिन संदीपनी विद्यालय की बाउंड्रीवाल में आई दरार, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
करोड़ों की लागत से बने भवन का 14 नवंबर को मुख्यमंत्री ने किया था वर्चुअल लोकार्पण, दीवार की हालत ने विभागीय निगरानी पर खड़े किए सवाल
छिंदवाड़ा/तामिया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में वर्चुअल लोकार्पित तामिया के संदीपनी विद्यालय की बाउंड्रीवाल में अगले ही दिन लंबी दरार दिखाई देने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दीवार में ऊपर से नीचे तक स्पष्ट दरार नजर आने की बात सामने आई है।
करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित संदीपनी विद्यालय एवं आदर्श आंगनवाड़ी भवन के समीप बाउंड्रीवाल की यह स्थिति सामने आने के बाद निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जब भवन का लोकार्पण हाल ही में हुआ है, तो इतनी जल्दी दीवार में दरार आने की वजह क्या है? क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन किया गया था और क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण किया था?

उल्लेखनीय है कि लोकार्पण शिलालेख पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मंत्री कुंवर विजय शाह, राकेश सिंह, संपतिया उइके, सांसद विवेक बंटी साहू और विधायक सुनील उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित हैं।

अब स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि संबंधित विभाग तत्काल तकनीकी विशेषज्ञों से दीवार की जांच कराए, निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और गुणवत्ता की समीक्षा करे तथा लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। लोकार्पण के अगले ही दिन सामने आई यह स्थिति निश्चित रूप से निर्माण गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की जरूरत को रेखांकित करती है।








