Home Uncategorized छिंदवाड़ा में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई ,5 किलो गांजा...

छिंदवाड़ा में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई ,5 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश तेज..



छिंदवाड़ा में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई
5 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश तेज

छिंदवाड़ा। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने इमलीखेड़ा स्थित बैतूल रोड पर चाचा ढाबा के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से कुल 5 किलोग्राम अवैध गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक इमलीखेड़ा क्षेत्र में गांजा लेकर पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।


चाचा ढाबा के पास घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम बैतूल रोड स्थित चाचा ढाबा के पास पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग कुल 5 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम पंजवानी के कब्जे से 2 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, तथा एक आईफोन-17 बरामद हुआ। वहीं जोरिफ उर्फ अब्दुल मारूफ खान के कब्जे से 3 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है, और वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पूछताछ में सप्लायर का नाम सामने आने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गांजा इमरान उर्फ इम्मू निवासी इंद्रा नगर, धरमटेकड़ी से खरीदना बताया है। पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एक लाख 20 हजार से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों से बरामद गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये तथा दोनों मोबाइल फोन की कीमत करीब 80 हजार रुपये है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कितने लोग जुड़े हैं।
गांव-गांव तक नशे के नेटवर्क की चर्चा
जिले में गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें और पुलिस कार्रवाई सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल यह भी है कि कार्रवाई के बावजूद नशे की सप्लाई की श्रृंखला पूरी तरह क्यों नहीं टूट पा रही है। ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस के सामने अब कथित सप्लायर तक पहुंचने के साथ-साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की चुनौती है।

टीप : नशे के व्यापक कारोबार संबंधी दावों की पंचायत दिशा समाचार स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। खबर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर है। आरोप जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं।