10.24 करोड़ से छिंदवाड़ा में खेल सुविधाओं का विस्तार
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार) जिले में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 10 करोड़ 24 लाख 41 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से इमलीखेड़ा में एकीकृत बहुउद्देशीय खेल परिसर का निर्माण तथा शहर के प्रमुख स्टेडियमों का उन्नयन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, इमलीखेड़ा में 20 एकड़ भूमि पर बनने वाले खेल परिसर के लिए 7 करोड़ 86 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा इंदिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम में टेबल टेनिस हॉल के उन्नयन के लिए 47 लाख, स्टेडियम के अन्य उन्नयन कार्यों के लिए 87 लाख तथा इंडोर जिम निर्माण के लिए 35 लाख 41 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसी तरह ओलंपिक स्टेडियम में इंडोर बैडमिंटन हॉल के लिए 26 लाख और ग्रास फील्ड निर्माण के लिए 43 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बताया गया है कि खेल परिसर का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में एप्रोच रोड, प्रशासनिक भवन, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बैडमिंटन, मल्टीपर्पज हॉल, योगा हॉल, टेबल टेनिस हॉल और फिटनेस सेंटर बनाए जाएंगे। दूसरे चरण में 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, स्विमिंग पूल, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल कोर्ट सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।






