गेहूं खरीदी की तारीख बार-बार बढ़ाना किसान विरोधी: किसान कांग्रेस
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। जिले में गेहूं खरीदी की तारीख में लगातार बदलाव को लेकर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने कड़ा विरोध जताया है। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने जारी बयान में कहा कि सरकार द्वारा बार-बार तारीख बदलना किसानों के साथ अन्याय है और इससे उनकी मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने गेहूं खरीदी की शुरुआत 1 अप्रैल 2026 तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7 अप्रैल कर दिया गया। इसके बाद तीसरी बार तारीख में संशोधन करते हुए जबलपुर संभाग सहित छिंदवाड़ा जिले के लिए 15 अप्रैल 2026 निर्धारित कर दी गई। इस तरह बार-बार तारीख बढ़ाने से किसानों को असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि खरीदी प्रक्रिया में देरी से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई किसानों ने अपनी उपज पहले ही तैयार कर ली है, लेकिन खरीदी शुरू न होने से उन्हें भंडारण और परिवहन की समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द गेहूं खरीदी प्रारंभ की जाए और भविष्य में इस तरह की अनिश्चितता से किसानों को राहत देने के लिए स्पष्ट और स्थिर नीति बनाई जाए
बारदाना नहीं पहुंचा, खरीदी कैसे होगी?
गेहूं खरीदी को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अब तक सेवा सहकारी समितियों में बारदाना (बोरियां) तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार खरीदी की तारीखों में लगातार बदलाव कर रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर कोई ठोस तैयारी नजर नहीं आ रही। समितियों में बारदाना नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया शुरू होना ही मुश्किल दिख रहा है। ऐसे में किसानों को अनिश्चितता और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने तीखे शब्दों में कहा कि जब समितियों में बारदाने की व्यवस्था ही नहीं है, तो फिर सरकार किस आधार पर खरीदी शुरू करने की बात कर रही है। यह स्थिति साफ तौर पर किसानों के साथ लापरवाही और संवेदनहीनता को दर्शाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर खरीदी प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे किसानों को मजबूरी में अपनी उपज कम दामों पर बेचनी पड़ सकती है। इससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान होगा।
किसान कांग्रेस ने मांग की है कि तुरंत सभी सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाए और गेहूं खरीदी बिना किसी देरी के शुरू की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।







