‘गांव के लोगों को दबाव बनाकर लाया गया: जीतू पटवारी का बड़ा आरोप
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार) जिलें के नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद सियासत तेज हो गई है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी घायलों से मिलने छिंदवाड़ा पहुंचे।

उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इसके बाद कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस हादसे को “सरकारी हत्या” करार देते हुए कहा कि यह घटना सरकार की लापरवाही और दबाव की राजनीति का नतीजा है।
पटवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सभा में भीड़ जुटाने के लिए लोगों को जबरन बसों में भरकर ले जाया गया। उन्होंने दावा किया कि जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के सीईओ द्वारा जारी एक “अति आवश्यक पत्र” में कर्मचारियों पर अधिक से अधिक लोगों को सभा में लाने का दबाव बनाया गया था, यहां तक कि कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
उन्होंने कहा कि इस दबाव के कारण ही जल्दबाजी और अव्यवस्था में बसों का संचालन हुआ, जिससे यह हादसा हुआ। पटवारी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग सरकार की नाकामी के शिकार हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी।
इस बीच प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन हादसे की जांच जारी होने की बात कही जा रही है।







