Home AGRICULTURE दिल्ली तक गूंजा मोहगांव का मुद्दा: कृषि अनुसंधान केंद्र के लिए नानाभाऊ...

दिल्ली तक गूंजा मोहगांव का मुद्दा: कृषि अनुसंधान केंद्र के लिए नानाभाऊ मोहोड़ की बड़ी पहल….

दिल्ली तक गूंजा मोहगांव का मुद्दा: कृषि अनुसंधान केंद्र के लिए नानाभाऊ मोहोड़ की बड़ी पहल….

किसानों की आय बढ़ाने और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने की मांग, केंद्रीय मंत्री से सीधे संवाद..

पांढुर्ना (पंचायत दिशा समाचार )। पांढुरना जिले के मोहगांव को कृषि के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की कवायद अब दिल्ली तक पहुंच गई है। क्षेत्र के विकास को लेकर पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ ने राजधानी में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर कृषि अनुसंधान केंद्र की स्थापना का मुद्दा जोरशोर से उठाया।
मोहोड़ ने स्पष्ट कहा कि मोहगांव जैसे कृषि प्रधान क्षेत्र में अनुसंधान केंद्र की स्थापना केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि किसानों की तकदीर बदलने वाला कदम साबित हो सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए जल्द क्रियान्वयन की मांग की।
मुलाकात के दौरान किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से फसल बीमा योजना की जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाने और समय पर मुआवजा दिलाने पर जोर दिया गया। मोहोड़ ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय किसान सबसे ज्यादा प्रभावित होता है, ऐसे में राहत प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि मोहगांव में अनुसंधान केंद्र स्थापित होता है, तो यहां के किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और वैज्ञानिक सलाह स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि होगी।
राजनीतिक और सामाजिक पहल के साथ-साथ मोहोड़ ने केंद्रीय मंत्री को आगामी हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज की संगीतमय श्रीराम कथा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।