गांव में घुसा बाघ, ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाया – मोबाइल में कैद हुआ रोमांचक मंजर
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा)बिछुआ। पेंच टाइगर रिजर्व से लगे बिछुआ ब्लॉक के गुमतरा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पास अचानक एक बाघ घूमता हुआ दिखाई दिया। बाघ को खेतों और बस्ती के करीब देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई, वहीं कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाकर बाघ को जंगल की ओर भगा दिया।
इस दौरान बाघ और ग्रामीणों के आमने-सामने होने का रोमांचक दृश्य मोबाइल कैमरों में कैद हो गया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाघ गांव के बेहद करीब मौजूद है और आसपास खड़े ग्रामीण उसे देखते हुए वीडियो बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल गुमतरा गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन अमले ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और बाघ दिखने पर तुरंत सूचना देने की हिदायत दी है।
गुमतरा गांव पेंच टाइगर रिजर्व से सटा हुआ क्षेत्र है, इसलिए यहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन इस तरह बाघ का गांव के इतने करीब पहुंचना लोगों के लिए डर और कौतूहल का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग बाघ की मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है।





