भावना, शिवानी,प्रदीप और ललित ने जिले को किया गौरवान्वितःबंटी विवेक साहू
- पर्वतारोही भावना डेहरिया और कुश्ती चैंपियन शिवानी पवार को विक्रम पुरस्कार और प्रदीप डेहरिया व ललित सिंह का चयन दिव्यांग अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग 2025 के लिए होने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने दी शुभकामनाएं
छिन्दवाड़ा। पर्वतारोही भावना डेहरिया, कुश्ती चैंपियन शिवानी पवार को विक्रम पुरस्कार और प्रदीप डेहरिया व ललित सिंह का चयन दिव्यांग अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग 2025 दुबई के लिए होने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने शुभकामनाएं देते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा है कि छिन्दवाड़ा की दोनों बेटियों और दोनों दिव्यांग खिलाड़ियों ने लगातार अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। हमें इन दोनों बेटियों को विक्रम अवार्ड और दिव्यांग अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग 2025 दुबई के लिए दोनों दिव्यांग खिलाडियों को चयनित होने पर गर्व है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें हर संभव मदद की जा रही है। इसी का परिणाम है कि देशभर में छुपी हुई प्रतिभाएं सामने आ रही है। जो कि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही है। छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में हमारे द्वारा छुपी हुई प्रतिभाओं को उभारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। इसी के तहत पिछले दिनों सांसद महाकुंभ का आयोजन किया गया था जिसमें दोनों जिले के लाखों खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और कई खिताब हासिल किए। वर्तमान में सांसद डे-नाईट कप का भी आयोजन चल रहा है जिसमें जिलेभर से टीमें भाग ले रही है। जिलेभर में लगातार खेल गतिविधियां आयोजित होने से जहां छुपी हुई प्रतिभाएं सामने आ रही है वहीं उनके मन में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेलों में शामिल होने को लेकर होने वाला डर भी खत्म हो रहा है। वे अब छोटे मैदानों में उतर कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे है। अब जिलेभर में भी अन्य स्थानों पर सांसद कप के आयोजन किए जायेगें। सांसद श्री साहू ने कहा कि आगे भी जिलेभर में खिलाड़ियों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा।
- पांच महाद्वीप में तिरंगा फहरा चुकी है भावना
उल्लेखनीय है कि प्रसिद्ध पर्वतारोही भावना डेहरिया का नाम मध्यप्रदेश शासन के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कार विक्रम पुरस्कार 2023 की सूची में शामिल किया गया है। छिंदवाड़ा की रहने वाली भावना ने 2019 में माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) फतह कर इतिहास रचा और अपनी पर्वतारोहण यात्रा को आगे बढ़ाते हुए वे सात महाद्वीपों में से पांच महाद्वीप की सबसे ऊंचे पहाड़ों पर तिरंगा फहरा चुकी है। उन्होंने साहसिक खेलों में रुचि रखने वाली युवा प्रतिभाओं, विशेष रूप से महिलाओं को, इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर के रूप में भावना ने हमेशा बेटियों को बड़े सपने देखने और हर चुनौती को पार करने के लिए प्रेरित किया है।
- विश्व स्तर पर शिवानी ने किया छिंदवाड़ा का नाम रोशन
शिवानी पवार का जन्म उमरेठ में 11 दिसबंर 1998 को हुआ था। वह राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियन है, उनके माता पिता किसान है और खेती किसानी से अपना घर चलाते है। शिवानी को बचपन से ही खेलों में रूचि रही है, जिसकी शुरूआत उन्होंने फुटबाल से की थी। 2021 में शिवानी ने सर्बिया के बेलग्रेड में अंडर 23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप महिलाओं में 50 किलो वर्ग में रजत पदक जीता था। इस टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला थी। उन्होंने ने कनाडा में विश्व पुलिस और फायर गेम्स के दौरान 50 किलो वर्ग में ही स्वर्ण पदक भी हासिल किया था। 2024 में उन्होंने एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में 50 किलो वर्ग में ही तीसरा स्थान हासिल किया था।
उल्लेखनीय है कि शिवानी ने 4 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते है और राष्ट्रीय खेलों में 3 बार स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय और मध्यप्रदेश की महिला पहलवान है। शिवानी सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली मध्यप्रदेश की पहली महिला है, साथ ही लगातार 4 बार सीनियर नेशनल चैंपियन रही है। वे अपने प्रदर्शन के माध्यम से ओलंपिक में देश के लिए सोना लाना चाहता है।
- दिव्यांग अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग 2025 दुबई के लिए चयनित हुये दोनों खिलाड़ी
उल्लेखनीय है कि जिले के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। जिले के दो दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी प्रदीप डहेरिया पिता गोविंद प्रसाद डहेरिया निवासी ग्राम न्यूटन चिखली एवं ललित सिंह पिता त्रिभुवन सिंह निवासी ग्राम पालाचौरई ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है । उनका चयन प्रतिष्ठित डेफ क्रिकेट लीग 2025 दुबई के लिए हुआ है, जो 25 अप्रैल से 2 मई 2025 तक दुबई (यूएई) में आयोजित की जाएगी । इस गौरवपूर्ण अवसर पर ये खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे जिले और देश का नाम रोशन होगा। सरकार द्वारा दोनों खिलाड़ियों को अलग- अलग 1 लाख 52 हजार 900 रूपये की सहायता राशि दी है। इससे उन्हे उनकी दुबई यात्रा और प्रशिक्षण में सहायता मिलेगी।
- छिंदवाड़ा की प्रतिभाओं ने माता पिता और गुरूओं को दिया उपलब्धि का श्रेय
भावना डेहरिया, शिवानी पवार, प्रदीप डेहरिया व ललित सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि हमारे माता-पिता, परिवार और गुरुओं के समर्थन के बिना संभव नहीं थी। भावना डेहरिया, शिवानी पवार, प्रदीप डेहरिया व ललित सिंह की इस उपलब्धि पर उनके प्रशंसकों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पुरस्कार समारोह के दौरान भावना डेहरिया और शिवानी पवार को आधिकारिक रूप से विक्रम अवार्ड प्रदान किया जाएगा।