1,520 किमी की मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन में 22 राइडर्स हुए शामिल, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार
सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म और अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकली 10 दिवसीय विशेष मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन शनिवार को पर्यटन ग्राम सावरवानी और तामिया पहुंची। देश-विदेश से आए 22 साहसी राइडर्स ने सतपुड़ा की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों का अनुभव लिया। सावरवानी और तामिया होते हुए राइडर्स अब पेंच टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुए।
यह मोटरसाइकिल यात्रा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और रॉयल एनफील्ड के बीच हुई साझेदारी के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश में अनुभव-आधारित और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना है। साझेदारी के तहत भविष्य में नए क्यूरेटेड रूट्स विकसित किए जाएंगे, जिससे पर्यटन के नए अवसरों के साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
सतपुड़ा के जंगलों से होते हुए पहुंचे तामिया
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के एडवेंचर टूरिज्म एडवाइजर केके सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार सुबह राइडर्स सतपुड़ा के जंगलों से होते हुए तामिया पहुंचे। यहां जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी ने उनका स्वागत किया। उन्होंने राइडर्स को जिले में संचालित होम स्टे, एस्ट्रो विलेज धूसावानी सहित अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी दी।
तामिया के पर्यटन एक्टिविस्ट पवन श्रीवास्तव ने राइडर्स को तामिया और पातालकोट की प्राकृतिक एवं पर्यटन विशेषताओं से परिचित कराया। इस दौरान माउंट एवरेस्ट फतह कर चुकीं तामिया की बेटी एवं पर्वतारोही भावना डेहरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सावरवानी में होम स्टे और लोक संस्कृति का लिया आनंद
तामिया पहुंचने से पहले राइडर्स ने सावरवानी में होम स्टे का भ्रमण किया और स्थानीय लोक नृत्य का आनंद लिया। प्राकृतिक वातावरण और स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने के बाद करीब एक घंटे तामिया में रुकने के पश्चात सभी राइडर्स पेंच टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुए।
कई राज्यों के साथ फ्रांस की राइडर भी शामिल
करीब 1,520 किलोमीटर लंबी इस एक्सपीडिशन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेश से आए प्रतिभागी भी शामिल हैं। महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और केरल के राइडर्स इस यात्रा का हिस्सा हैं।
यात्रा में फ्रांस के पेरिस से आईं 55 वर्षीय महिला राइडर फैबिएन क्रिस्टीन जैनिन ड्यूपुइस भी शामिल हैं। वे मध्यप्रदेश के प्राकृतिक और वन्यजीव क्षेत्रों को दोपहिया वाहन से करीब से देखने को लेकर उत्साहित नजर आईं। राइडर्स के इस भ्रमण से सावरवानी-तामिया क्षेत्र को एडवेंचर और जिम्मेदार पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में बढ़ावा मिलने की संभावना है।








