Home SPORTS लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बन रही...

लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बन रही हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बन रही हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने जारी की लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त, प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में पहुंचे 1835 करोड़ रुपए

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर-मालवा में आयोजित लाड़ली बहना योजना की राशि वितरण एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण कार्यक्रम में प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने योजना की 40वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। इसमें आगर-मालवा जिले की 1 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनें भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें अब लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि लाभ कमाने वाली बन रही हैं। नारी सशक्तिकरण केवल नारों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बहनों से किए गए हर वादे को पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।

आगर-मालवा को 254 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले को 254 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 50 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 226 करोड़ रुपए की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा करीब 28 करोड़ रुपए की लागत से 17 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 118 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं तथा 19 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भूमिपूजन किया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

हर खेत तक पहुंचाएंगे सिंचाई का पानी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर में बड़ी गौशाला के निर्माण तथा आगर-मालवा जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए मन में संकल्प शक्ति होना जरूरी है। प्रदेश सरकार इसी संकल्प शक्ति के साथ विकास के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों से विकास के जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाया गया है। “सच्चा वादा-पक्का काम” अब सरकार की मुख्य पहचान बन गया है।

50 लाख से अधिक पट्टेधारियों को मिलेगी निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 50 लाख से अधिक पट्टेधारियों को पट्टे की निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री कराकर देगी। इससे पट्टेधारियों को उनके अधिकारों का लाभ मिलेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का विस्तार करते हुए कहा कि गांवों, पंचायतों और कस्बों तक बसों की सुविधा पहुंचाई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

17 सितंबर को घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री को दें जन्मदिन का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन का आशीर्वाद दें। उन्होंने शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों और बहनों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।