Home AGRICULTURE सिवनी में पानी न मिलने से नाराज किसानों ने किया चक्काजाम…

सिवनी में पानी न मिलने से नाराज किसानों ने किया चक्काजाम…

सिवनी में पानी न मिलने से नाराज किसानों ने किया चक्काजाम

चार घंटे तक बाधित रहा सिवनी-मंडला मार्ग

लिखित आश्वासन के बाद किसानों ने किया आंदोलन समाप्त

स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर किसानों का फूटा गुस्सा

पंचायत दिशा समाचार


सिवनी/किसानों को अन्नदाता कहा जाता है, लेकिन जब यही अन्नदाता अपने हक के लिए सड़कों पर उतर आए, तो सवाल उठता है कि आखिर उनकी सुनवाई क्यों नहीं हो रही? मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी में किसानों ने आज बड़ा आंदोलन किया। पानी न मिलने से नाराज किसानों ने सिवनी-मंडला मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे चार घंटे तक सड़क बाधित रही।”

केवलारी तहसील में संजय सरोवर भीमगढ़ बांध से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन किसानों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते टेल क्षेत्र के कई गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा। इस कारण उनकी फसलें सूखने की कगार पर हैं, और वे नुकसान झेलने को मजबूर हैं। इसी के विरोध में किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ सिवनी-मंडला मार्ग को जाम कर दिया

प्रदर्शन के दौरान किसान इतने आक्रोशित थे कि मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।“लगभग तीन घंटे तक चले इस चक्काजाम के दौरान एसडीएम महेश अग्रवाल और जल संसाधन विभाग के अधिकारी विनोद उईके मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर पानी की समस्या का हल निकालने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

हालांकि, किसानों ने साफ कर दिया है कि अगर समय पर वादे पूरे नहीं हुए, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे।”

किसानों ने इस पूरे मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने विधायक ठाकुर रजनीश सिंह और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि”जब इन्हें वोट चाहिए होते हैं, तब ये नेता हमारे पास आते हैं, लेकिन अब जब हमारी फसलें सूख रही हैं, तब कोई नहीं दिख रहा।”

“अब देखना होगा कि प्रशासन अपने वादों पर कितना खरा उतरता है और किसानों की मांगों को कितना जल्द पूरा किया जाता है। अन्यथा, यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।”