पेंच नेशनल पार्क में गूंजेगा पत्रकार एकता और भाईचारे का संदेश, छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन का दीपावली मिलन समारोह
जिले के पत्रकारों की पहली प्रेस टूर, दीपावली मिलन के बहाने आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मिलेगा नया आयाम
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन द्वारा इस वर्ष पत्रकारों के लिए दीपावली मिलन समारोह का आयोजन पेंच नेशनल पार्क में किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन में छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन के सभी सदस्य पत्रकार उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता पत्रकारों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। पत्रकारिता के व्यस्ततम कार्यक्षेत्र से कुछ समय निकालकर सभी पत्रकार एक साथ प्रकृति की खूबसूरत वादियों में दीपावली मिलन का आनंद लेंगे।

छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन की यह पहल जिले के पत्रकारों के लिए पहली प्रेस टूर के रूप में भी विशेष महत्व रखती है। इस यात्रा का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि पत्रकार साथियों के बीच आपसी संवाद, मेल-मिलाप और संगठनात्मक एकता को नई मजबूती देना है।
एसोसिएशन की इस पहल से पत्रकारिता जगत में सकारात्मक संदेश जाएगा कि विचारों और कार्यक्षेत्र की भिन्नता के बावजूद पत्रकार एक परिवार की तरह एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बन सकते हैं। पेंच की प्राकृतिक वादियों में आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह पत्रकारों के बीच प्रेम, विश्वास और भाईचारे की यादगार मिसाल बनेगा।








