अवैध होर्डिंग और निर्माण पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, 310 से अधिक फ्लेक्स-बोर्ड हटाए
चारों प्रमुख मार्गों पर चला विशेष अभियान, त्रिलोकी नगर में शासकीय सड़क तोड़कर किए जा रहे निर्माण कार्य को भी रुकवाया
छिंदवाड़ा। शहर में अवैध होर्डिंग, फ्लेक्स और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को व्यापक कार्रवाई की। निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक एवं राजस्व अमले ने शहर के चारों प्रमुख मार्गों सहित आवासीय क्षेत्रों में अभियान चलाकर 310 से अधिक अवैध प्रचार सामग्री हटाकर जब्त की।

नगर निगम की टीम ने नागपुर रोड, परासिया रोड, सिवनी रोड और नरसिंहपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए डिवाइडरों पर बिना अनुमति लगाए गए फ्लेक्स, लॉलीपॉप और स्टैंड बोर्ड हटाए। निगम प्रशासन के अनुसार, सड़क डिवाइडरों पर अनधिकृत प्रचार सामग्री लगाए जाने से शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों का ध्यान भटकने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कार्रवाई के इसी क्रम में अमले ने खजरी चौराहे के सामने स्थापित नगर निगम के शासकीय दिशा सूचक यूनिपोल पर अनाधिकृत रूप से लगाई गई अवैध होर्डिंग को भी तत्काल प्रभाव से हटाया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासकीय संपत्तियों, चौराहों और दिशा सूचक बोर्डों का उपयोग निजी प्रचार-प्रसार के लिए करना दंडनीय अपराध है और भविष्य में ऐसा पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक व जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, वार्ड क्रमांक 19 अंतर्गत त्रिलोकी नगर में शासकीय सड़क को तोड़कर अवैध रूप से निर्माण कार्य किए जाने की सूचना पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की। टीम ने स्थल का निरीक्षण कर तत्काल पंचनामा तैयार किया और नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण कार्य को मौके पर ही बंद कराया।
नगर पालिक निगम प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में संदेश दिया है कि आयुक्त श्री सी.पी. राय के निर्देशानुसार शहर में अवैध होर्डिंग-पोस्टर, अतिक्रमण और बिना अनुमति अथवा शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाकर किए जाने वाले निर्माण कार्यों के विरुद्ध यह सख्त मुहिम निरंतर जारी रहेगी। निगम ने समस्त नागरिकों, व्यवसायियों और भवन स्वामियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अवैध प्रचार से बचें।








