Home POLITICAL जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की जन जागरण...

जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की जन जागरण पदयात्रा शुरू

जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की जन जागरण पदयात्रा शुरू

80 किमी का सफर तय कर 36 गांवों से गुजरेगी यात्रा, 10 अक्टूबर को बिछुआ में होगा समापन

छिंदवाड़ा। जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों के साथ आदिवासी अधिकार, किसानों की समस्याओं और मतदाता अधिकारों को लेकर बिछुआ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विशाल जन जागरण पदयात्रा प्रारंभ की गई है। कांग्रेस का कहना है कि यात्रा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखा जाएगा।

बिछुआ ब्लॉक के ग्राम समरबोह से शुरू हुई पदयात्रा को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और चौरई विधायक सुजीत चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक सुजीत चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पदयात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यों एवं विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी। वहीं कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर चंदा, वोट, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेताओं ने कहा कि यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को लेकर ग्रामीणों के बीच संवाद किया जाएगा।

आदिवासी और किसान मुद्दे प्रमुख

कांग्रेस ने पदयात्रा के दौरान आदिवासी समाज और किसानों से जुड़े कई मुद्दे उठाने की बात कही है। पार्टी का आरोप है कि बफर जोन से जुड़े क्षेत्रों में वर्षों से खेती कर जीवन-यापन कर रहे आदिवासी परिवारों को हटाए जाने और फसलों के नुकसान की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने तथा वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पट्टे दिए जाने की मांग की है।

इसके अलावा आदिवासी भूमि के कथित हस्तांतरण की निष्पक्ष जांच, खरीफ फसलों एवं मक्का के समर्थन मूल्य को 3 हजार रुपए करने, सोसायटियों में रबी और खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की ग्रामीण क्षेत्र की सहायता राशि बढ़ाकर 2.50 लाख रुपए करने की मांग भी कांग्रेस ने उठाई है।

कांग्रेस ने बिछुआ ब्लॉक के बफर जोन से लगे गांवों में वन्यजीवों द्वारा फसलों को होने वाले नुकसान के लिए 50 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की है। वहीं बाघ के हमले में मृत व्यक्ति के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी गई है।

36 गांवों से होकर गुजरेगी पदयात्रा

कांग्रेस के अनुसार जन जागरण पदयात्रा करीब 80 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और बिछुआ ब्लॉक के 36 गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान गांवों, कस्बों, मंजरों और टोलों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।

पदयात्रा का समापन 10 अक्टूबर 2026 को बिछुआ के दशहरा मैदान में किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार यात्रा का उद्देश्य स्थानीय समस्याओं को सामने लाने के साथ ग्रामीणों को उनके अधिकारों और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।