महंगे शौक के लिए अपहरण और फिरौती का खेल!
लिफ्ट के बहाने युवक को सुनसान रास्ते पर ले गए, चाकू की नोक पर रुपए ट्रांसफर कराने का आरोप
छिंदवाड़ा। महंगे शौक पूरे करने के लिए अपराध की राह पकड़ने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लिफ्ट देने के बहाने एक युवक को सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू की नोक पर बंधक बनाया और उसके मोबाइल से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करवाए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 43,500 रुपए नकद तथा दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
पुलिस के मुताबिक ग्राम मुरमारी निवासी पवन कुमार चंद्रवंशी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 सितंबर 2026 को वह मानसरोवर बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के सामने से खजरी जाने के लिए निकला था। इसी दौरान एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक को लिफ्ट देने के बाद अन्य आरोपी भी वाहन में सवार हो गए और कथित तौर पर खजरी रोड के सुनसान क्षेत्र में ले गए।
शिकायत के अनुसार वहां आरोपियों ने चाकू दिखाकर गाली-गलौज और मारपीट की तथा युवक को बंधक बना लिया। आरोप है कि उसके मोबाइल फोन से फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करवाए गए। रुपए नहीं देने पर गंभीर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
नाम से खुला पुलिस के सामने राज
विवेचना के दौरान प्रार्थी ने आरोपियों में से एक का नाम अम्मू सुना होने और उसे सामने आने पर पहचान लेने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के अनुसार प्रार्थी के खाते से अम्मू उर्फ इम्मू शाह के खाते में रुपए ट्रांसफर होने की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदेहियों की तलाश शुरू की और मते कॉलोनी क्षेत्र से उन्हें पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अम्मू उर्फ इम्मू शाह ने अपने साथी उवैश खान और शेख अलमाश उर्फ छोटे के साथ घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से 43,500 रुपए बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्कूटी और प्रार्थी की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
चोरी की वारदातों को लेकर भी पूछताछ
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों से शहर में चोरी जैसी अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिली है। इन घटनाओं को लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। वहीं युवक को कथित तौर पर जिस स्थान पर ले जाकर रखा गया था, उसके संबंध में भी पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से विवेचना के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
ये हैं आरोपी
- अम्मू उर्फ इम्मू शाह, पिता असफाक शाह, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी शिव नगर कॉलोनी, छिंदवाड़ा।
- उवैश खान, पिता बाबू खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मालवी नगर, छिंदवाड़ा।
- शेख अलमाश उर्फ छोटे, पिता शेख कमाल, उम्र 18 वर्ष 6 माह, निवासी शिव नगर कॉलोनी, छिंदवाड़ा।
पुलिस के अनुसार पूर्व में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में चोरी और मारपीट से संबंधित अपराध भी पंजीबद्ध हैं।
जब्ती: 43,500 रुपए नकद तथा दो मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
नोट: खबर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी और प्रकरण में दर्ज आरोपों के आधार पर है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद होगी।








