जंगली जानवरों के लिए खेत में बिछाया करंट बना मौत का कारण, दो आरोपी गिरफ्तार
मक्का की फसल बचाने के लिए जीआई तार में प्रवाहित किया था करंट, खेत की मेड़ से गुजर रहे प्रदीप तिरगाम की हुई थी मौत
छिंदवाड़ा/मोहखेड़। जंगली जानवरों से मक्का की फसल बचाने के लिए खेत में बिछाए गए जीआई तार में बिजली का करंट प्रवाहित करना एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। मोहखेड़ थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहांगी निवासी प्रदीप तिरगाम की 20 सितंबर 2026 को करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर मोहखेड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि अशोक खौशी ने अपने खेत में जंगली जानवरों से मक्का की फसल बचाने के लिए जीआई तार फैला रखा था। आरोप है कि घनश्याम कासेकर ने अपने घर के बिजली कनेक्शन से तार जोड़कर खेत में बिछाए गए जीआई तार में करंट प्रवाहित कर दिया था।
इसी दौरान खेत की मेड़ से गुजर रहे प्रदीप तिरगाम करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद 20 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 3(5) एवं एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) में मामला दर्ज किया गया।
तार और बांस जब्त
पुलिस ने मामले में आरोपी घनश्याम कासेकर, उम्र 62 वर्ष, निवासी लोहांगी तथा अशोक खौशी, उम्र 54 वर्ष, निवासी महलपुर, थाना मोहखेड़ को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान बिजली का तार और एक बांस जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुनील कुमार बरकड़े के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक सुनील उइके सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।








