महंगे शौक ने बनाया चेन स्नैचर!
इंदौर से रेंट पर कार, नंबर प्लेट बदली और छिंदवाड़ा में वारदात
छिंदवाड़ा। महंगे कपड़े और घूमने-फिरने के शौक पूरे करने के लिए इंदौर से बिना ड्राइवर की कार रेंट पर लेकर छिंदवाड़ा में चेन स्नैचिंग की वारदात करने वाले दो युवकों और एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल की गई रेंट की होंडा ओरा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को शाम करीब 7:20 बजे चंदनगांव से घर लौट रहे अक्षय नरेंद्र कुमार राव के साथ DDC कॉलेज के गेट के सामने वारदात हुई थी। सफेद रंग की होंडा ओरा कार से दो व्यक्ति उतरे। दोनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। आरोप है कि एक आरोपी ने चाकू मारने की बात कही, जबकि दूसरे ने झपट्टा मारकर पीड़ित के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और दोनों कार से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 747/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और हुलिए से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
पुलिस टीम ने वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद एक आरोपी के चेहरे से गमछा हट गया था, जिसे पीड़ित ने देखा था। बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी प्रेम राठपा के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
1 अक्टूबर को पुलिस टीम ने सौंसर में प्रेम राठपा को उसके दो साथियों के साथ पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले गुमराह करने का प्रयास किया, बाद में प्रेम उर्फ शुभम राठपा और राघवेन्द्र उर्फ सन्नी सिंह सहित एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक के शामिल होने की जानकारी सामने आई।
इंदौर से कार रेंट पर लेकर बदली नंबर प्लेट
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घूमने-फिरने और नए कपड़े खरीदने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसी दौरान राघवेन्द्र उर्फ सन्नी ने इंदौर से बिना ड्राइवर कार रेंट पर लेकर चोरी या लूट की वारदात करने की योजना बनाई।
आरोपियों ने कथित तौर पर 17 सितंबर को इंदौर से होंडा ओरा कार रेंट पर ली और उसकी नंबर प्लेट बदलकर छिंदवाड़ा पहुंचे। इसके बाद 18 सितंबर को चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन बरामद की तथा रेंट व्यवसायी से कार भी जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि विधि उल्लंघनकर्ता बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
आरोपियों पर पहले से भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेम राठपा के विरुद्ध भोपाल में हत्या के प्रयास और मारपीट से संबंधित कुल पांच अपराध दर्ज हैं। वहीं राघवेन्द्र उर्फ सन्नी के विरुद्ध भोपाल और हैदराबाद में चोरी से संबंधित चार अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
तीन लाख की चेन और सात लाख की कार जब्त
- सोने की चेन — अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये
- होंडा ओरा कार क्रमांक MP 13 AG 9403 — अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, सउनि दिनेश सिंह रघुवंशी, सउनि सदलकराम भलावी, आरक्षक विकास बैस, सागर डेहरिया, निक्की विश्वकर्मा तथा साइबर सेल के प्रआर नितिन सिंह और आरक्षक आदित्य रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








