शुक्र-ध्रुव तारे की रोशनी से जगमगाया पर्यटन ग्राम धूसावानी
एस्ट्रो विलेज के रूप में हुआ शुभारंभ
पर्यटकों का नया आकर्षण, आकाशगंगा का अद्भुत नजारा
छिन्दवाड़ा/ चांदनी रात में चमकते शुक्र ग्रह, ध्रुव तारे और विशाल आकाशगंगा को देखने का अविस्मरणीय अनुभव अब छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम धूसावानी में सुलभ हो गया है। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार की उपिस्थिति में यहां पर स्टार गेजिंग का शुभारंभ किया गया। गुरूवार देर शाम से यहां अधिकारियों, ग्रामीणों ने चांद और सितारों से सजे आसमान में विभिन्न ग्रहों को देखा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की प्रोग्राम ऑफिसर ट्राइबल श्रीमती सरिता टुप्पो, प्रोग्राम मैनेजर एस्ट्रो श्री प्रदीप दीक्षित, स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी श्री निशांत गौर, पर्यटन प्रबंधक श्री गिरीश लालवानी, तहसीलदार श्री संजय मसराम, सतपुड़ा सेल्फ से श्री अजय खोबरे सहित गणमान्य नागरिक उपिस्थत थे।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा जनजातीय पर्यटन परियोजना के अंतर्गत चयनित पर्यटन ग्राम धूसावानी की नई पहचान अब एस्ट्रो विलेज के रूप में होगी। एस्ट्रो विलेज पर्यटन, विज्ञान और प्रकृति का अनूठा संगम है, जहाँ पर्यटक तेज प्रकाश, प्रदूषण से दूर स्वच्छ रात्रि आकाश में तारों, ग्रहों और आकाशगंगा के अद्भुत नजारे का अवलोकन एवं अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। एस्ट्रो विलेज के शुभारंभ अवसर यह विचार रखते हुए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार ने भी अपने विचार रखे। स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी श्री निशांत गौर ने इस पूरी परियोजना की जानकारी अतिथियों व ग्रामीणों को दी।

25 युवाओं को ट्रेनिंग, मिलेगा रोजगार – मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा चयनित पर्यटन ग्राम धूसावानी और धगड़िया के 25 युवक व युवतियों का चयन स्टार गेजिंग एक्टिविटी के लिए हुआ है। इन युवाओं को 90 दिनों की ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसमें उन्हें रात्रिकालीन आकाश, तारामंडलों और खगोलीय घटनाओं का ज्ञान व प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये युवा कुशल एस्ट्रो गाइड के रूप में तैयार होंगे, जिससे उनके लिए स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

आधुनिक उपकरणों और अधोसंरचना का होगा विकास – पर्यटन ग्राम धूसावानी में पर्यटकों को तारों, ग्रहों एवं अन्य खगोलीय पिंडों के सुरक्षित, स्पष्ट एवं उत्कृष्ट अवलोकन का अनुभव कराने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वैज्ञानिक उपकरण के साथ गांवों में आधुनिक टेलिस्कोप, दूरबीन और एस्ट्रो-फोटोग्राफी कैमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पर्यटकों के लिए स्टार गेजिंग प्लेटफॉर्म, ऑब्जर्वेशन एरिया तथा खगोलीय घटनाओं को समझाने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस तरह छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम धूसावनी में अब पर्यटकों को एक नया, अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव देने की
शुरूआत हो चुकी है।








