Home AGRICULTURE इफको ने सहकारी समिति प्रबंधकों के लिए आयोजित की नैनो उर्वरक जागरूकता...

इफको ने सहकारी समिति प्रबंधकों के लिए आयोजित की नैनो उर्वरक जागरूकता संगोष्ठी

इफको ने सहकारी समिति प्रबंधकों के लिए आयोजित की नैनो उर्वरक जागरूकता संगोष्ठी

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने किया शुभारंभ, नैनो उर्वरकों के व्यापक उपयोग पर दिया जोर

पांढुर्णा/ इफको द्वारा पांढुर्णा जिले के सहकारी समिति प्रबंधकों के लिए नैनो उर्वरक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने की। संगोष्ठी का शुभारंभ इफको भोपाल के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. डी.के. सोलंकी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के विपणन अधिकारी श्री अजय राठौड़, सहकारिता निरीक्षक श्री प्रवीण नावंगे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा शाखा पांढुर्णा के शाखा प्रबंधक श्री निलेश भांगे, अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्रीमती अर्चना डोंगरे तथा इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सागर पाटीदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी में जिले की 49 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं शाखा प्रबंधकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सागर पाटीदार ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इफको द्वारा किसान हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सागरिका, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, जल-विलेय उर्वरक, नेचुरल पोटाश सहित अन्य कृषि उत्पादों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रासायनिक उर्वरकों की सीमित उपलब्धता की स्थिति में नैनो उर्वरक किसानों की अतिरिक्त आवश्यकता की प्रभावी पूर्ति कर सकते हैं।

संगोष्ठी के दौरान कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. डी.के. सोलंकी ने संकट हरण बीमा योजना के अंतर्गत स्वर्गीय श्री काशीराम उईके की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता उईके एवं उनके सुपुत्र श्री केतन उईके को 2 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने इफको के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि हरित क्रांति के समय से ही इफको ने किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश की अग्रणी सहकारी संस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। उन्होंने सभी सहकारी समिति प्रबंधकों से इफको के उत्पादों एवं सेवाओं को जिले की प्रत्येक समिति तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कृषि विभाग को इफको के साथ समन्वय स्थापित कर मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सागर पाटीदार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसानों के खेतों पर प्रदर्शन (डेमो) आयोजित कर नैनो उर्वरकों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार में इफको द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।