सर्रा के वार्ड क्रमांक 35 को मिली पक्की सड़क की सौगात: 13 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण; महापौर श्री विक्रम अहके ने किया भूमि पूजन
छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा सीमा क्षेत्रान्तर्गत सर्रा स्थित वार्ड क्रमांक 35 के रहवासियों का पक्की सड़क का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए लगभग 13 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाली नई पक्की सड़क का आज विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस शुभ अवसर पर वार्डवासियों ने पुष्पमालाओं से महापौर एवं उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
भूमि पूजन के पश्चात उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए महापौर श्री विक्रम अहके ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं (सड़क, बिजली, पानी) का विस्तार करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस गुणवत्तापूर्ण सड़क के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और वार्ड के विकास को नई गति प्राप्त होगी। इस दौरान महापौर ने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण किया जाए।
सड़क निर्माण का भूमि पूजन होते ही वार्डवासियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह का माहौल साफ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने वर्षों से चली आ रही खराब रास्ते की समस्या के समाधान पर महापौर व नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सड़क बनने से आवागमन आसान एवं सुरक्षित हो जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नवीन बारस्कर, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रामेश्वर ठाकरे, वार्ड संयोजक श्री त्रिलोक राऊत, श्री रोहित माहौरे, श्री पाटीलकर, श्री मनीष गुप्ता, श्री दीपक आवारे, श्री योगेश धाड़े, श्री नितिन राउत, श्री महादेव बारस्कर, श्री संपतराव राउत, श्री मुकेश धाड़े, श्री रितिक राउत, श्री वेदांत राउत, श्री विक्की लाडे, श्री अमन माहौरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।








