छिंदवाड़ा-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा से जन विश्वास अभियान की शुरुआत करते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के लिए दूरगामी विजन के साथ काम कर रही है और अब हर शुक्रवार अधिकारी-कर्मचारी दफ्तरों में बैठकें करने के बजाय जनता के बीच जाकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि सरकारी कार्यालयों में बैठकों में ही अधिक समय व्यतीत हो जाता है। इसी व्यवस्था में बदलाव लाने के उद्देश्य से निर्णय लिया गया है कि *अब प्रत्येक शुक्रवार किसी भी सरकारी कार्यालय में बैठक नहीं होगी। सभी अधिकारी मैदानी स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे, योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि जन विश्वास अभियान 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना और सुशासन को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह अभियान प्रदेश में जनसेवा का नया मॉडल बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित और प्रोत्साहित कर रही है, लेकिन लापरवाही और उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी नीति के तहत हाल ही में छिंदवाड़ा के सीएमएचओ डॉ. नरेश गुन्नाने, एक तहसीलदार सुनैना बम्हे पटवारी सिद्धांत साहूको निलंबित किया गया है, जबकि कई अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) भी रोकी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवाबदेही तय करना और जनता को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।








