आस्था का अद्भुत संकल्प: मां शारदा के दरबार तक 375 किमी की पदयात्रा पर निकले सांसद बंटी विवेक साहू
14 दिनों तक पैदल तय करेंगे 375 किलोमीटर का सफर, पहले ही दिन 22 किमी चले; जनआशीर्वाद और जयकारों के बीच हुआ भव्य शुभारंभ
विशेष रिपोर्ट-रामकुमार राजपूत
दिनांक/01/07/2026
छिदवाड़ा। जनसेवा के साथ धर्म और आस्था के प्रति अपनी गहरी निष्ठा का परिचय देते हुए छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के सांसद बंटी विवेक साहू ने मां शारदा के पावन दरबार मैहर तक 375 किलोमीटर की 14 दिवसीय धार्मिक पदयात्रा का शुभारंभ कर दिया। यह यात्रा केवल एक पैदल सफर नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और जनकल्याण के लिए लिया गया एक आध्यात्मिक संकल्प है।
1 जुलाई को दोपहर में छिंदवाड़ा से शुरू हुई इस पदयात्रा में पहले ही दिन सांसद बंटी विवेक साहू ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ लगभग 22 किलोमीटर पैदल चलकर श्री रामेश्वर धाम सिहोरामाल पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की। मां शारदा के जयकारों और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल में बदल गया।

संतों के आशीर्वाद के साथ हुआ शुभारंभ
पदयात्रा प्रारंभ करने से पहले सांसद ने हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हुए मैहर की ओर कदम बढ़ाए।

जहां-जहां से गुजरी यात्रा, वहीं उमड़ा जनसैलाब
छिंदवाड़ा शहर से लेकर श्री रामेश्वर धाम सिहोरामाल तक यात्रा मार्ग में जगह-जगह नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न समाजों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से सांसद और पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग भी पदयात्रा में शामिल होते चले गए।

हर मंदिर में टेका माथा, मां शारदा से मांगा क्षेत्र का कल्याण
यात्रा के दौरान सांसद ने हनुमान मंदिर, काली मंदिर, केसरी नंदन हनुमान मंदिर, संतोषी माता मंदिर, गुरुद्वारा, मां दुर्गा मंदिर सहित मार्ग में आने वाले अनेक धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर प्रदेश और संसदीय क्षेत्र की उन्नति, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और हर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।

14 दिन… 375 किलोमीटर… एक अटूट संकल्प
बारिश, लंबी दूरी, जंगल और कठिन रास्तों के बावजूद सांसद बंटी विवेक साहू ने संकल्प लिया है कि वे पैदल ही सिवनी, जबलपुर और कटनी होते हुए 14 जुलाई को मां शारदा के दरबार मैहर पहुंचेंगे। इस दौरान वे रास्ते में गांव-गांव जाकर बुजुर्गों का आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगे।
जनप्रतिनिधियों और समाज के हर वर्ग की रही सहभागिता
पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर पूर्व राज्यपाल अनुसुईया उइके, विधायक राजा कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहके सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, संत-महात्मा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आस्था, सेवा और संकल्प का संगम
मां शारदा के दरबार तक निकली यह पदयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि जनआस्था, सामाजिक एकता और लोककल्याण का संदेश भी दे रही है। सांसद बंटी विवेक साहू का यह संकल्प अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हजारों लोग इस आध्यात्मिक यात्रा को ऐतिहासिक बता रहे हैं।








