Home CRIME खेल सामग्री खरीदी में 9.47 लाख की गड़बड़ी, प्राचार्य समेत चार पर...

खेल सामग्री खरीदी में 9.47 लाख की गड़बड़ी, प्राचार्य समेत चार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

खेल सामग्री खरीदी में 9.47 लाख की गड़बड़ी, प्राचार्य समेत चार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
नर्मदापुरम। शासकीय गृह विज्ञान (होम साइंस) महाविद्यालय में खेल सामग्री खरीदी के नाम पर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच में सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होने के बाद कोतवाली पुलिस ने महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

गौरव बुंदेला, थाना प्रभारी, कोतवाली नर्मदापुरम।


जानकारी के अनुसार, कार्रवाई तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी सरिता मालवीय की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। पुलिस ने प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन, तत्कालीन भंडार शाखा प्रभारी, तत्कालीन लेखा शाखा प्रभारी/लेखापाल तथा भोपाल स्थित मेसर्स वैष्णवी इंटरप्राइजेज के प्रोप्राइटर को आरोपी बनाया है।
जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में खेलकूद प्रोत्साहन मद से 9 लाख 47 हजार 518 रुपये का भुगतान मेसर्स वैष्णवी इंटरप्राइजेज को किया गया, जबकि संबंधित खेल सामग्री महाविद्यालय में प्राप्त ही नहीं हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार प्राचार्य की अनुशंसा पर बिना सामग्री की आपूर्ति और भौतिक सत्यापन के भुगतान कर दिया गया तथा स्टॉक रजिस्टर में सामग्री दर्ज भी कर दी गई।
जांच के दौरान मौके पर संबंधित खेल सामग्री उपलब्ध नहीं मिली, जिससे शासकीय धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गौरव बुंदेला, थाना प्रभारी, कोतवाली नर्मदापुरम।