राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन
जगद्गुरु शंकराचार्य के प्रवचनों से गूंजा मंदिर परिसर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जुन्नारदेव। जुन्नारदेव विशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल में भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया।
महोत्सव के अंतिम दिन द्वारिका शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के दिव्य प्रवचनों का आयोजन किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनके विचारों को सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे।
प्रवचन के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन की पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और जय श्री राधे-कृष्ण के जयघोष गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यदुवंशी समाज द्वारा अंबेडकर चौक से जुन्नारदेव विशाला तक निशुल्क ऑटो सेवा की व्यवस्था की गई। इस पहल का लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उठाया।
आयोजन को सफल बनाने में जिला गोली समाज के अध्यक्ष विनोद यदुवंशी के मार्गदर्शन में समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन ऐतिहासिक एवं सफल रहा।
Home CITY NEWS राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापनजगद्गुरु शंकराचार्य के प्रवचनों से...








