बुजुर्गों और असहाय लोगों का आदर करना हमारा धर्म : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मई माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 203.56 करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में किए अंतरित
भोपाल/छिंदवाड़ा, । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि घर में बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद तपती धूप में ठंडी छांव के समान होता है। भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों, असहायों और समाज के सबसे कमजोर वर्ग का सम्मान करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि हमारा धर्म माना गया है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों के खातों में मई माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की 203 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश है कि कोई भी गरीब, जरूरतमंद, बुजुर्ग, माता-बहन या दिव्यांग व्यक्ति स्वयं को बेसहारा महसूस न करे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है और मध्यप्रदेश सरकार भी गरीबों, वंचितों तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का माध्यम हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर बन सके।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, श्री संजय शुक्ला, श्री मनीष रस्तोगी तथा प्रमुख सचिव श्रीमती सोनाली वायंगणकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के हितग्राही वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।








