नाबालिग को भगाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ीं
छिंदवाड़ा (जुन्नारदेव) थाना जुन्नारदेव पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के मामले में मुख्य आरोपी अरशद शेख उर्फ काजू (32) निवासी वेलफेयर कॉलोनी, जुन्नारदेव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को आरोपी अरशद शेख ने अपने साथी फैजल जमाल की थार वाहन (CG-04-QX-9980) में नाबालिग बालिका को बैठाकर भगा लिया था। मामले में थाना जुन्नारदेव में अपराध क्रमांक 202/26 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त थार वाहन के मालिक फैजल जमाल से पूछताछ की गई। आरोपी को वाहन उपलब्ध कराने के आरोप में उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम ने नागपुर, भोपाल, इंदौर, बैतूल सहित विभिन्न शहरों में लगातार दबिश दी। इस दौरान आरोपी के मित्रों और रिश्तेदारों से पूछताछ भी की गई। गोपनीय सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी अपने सहयोगी माधव सोनी निवासी गाडरवारा (जिला नरसिंहपुर) के यहां ठहरा हुआ है। पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी, लेकिन सूचना लीक होने पर आरोपी बालिका को साथ लेकर भाग निकला।
पुलिस टीमों ने लगातार पीछा किया, जिसके दबाव में आरोपी को वाहन छोड़कर फरार होना पड़ा। अंततः 14 जून को आरोपी अरशद शेख, उसके सहयोगी माधव सोनी और नाबालिग बालिका ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
बालिका के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं। इसके बाद 15 जून को अरशद शेख एवं माधव सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त थार वाहन क्रमांक CG-04-QX-9980
पांच मोबाइल फोन
आरोपी एवं बालिका के कपड़ों से भरे दो बैग
गिरफ्तार आरोपी
अरशद शेख उर्फ काजू (32), निवासी वेलफेयर कॉलोनी, जुन्नारदेव
माधवन उर्फ माधव सोनी (30), निवासी गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर
पुलिस ने बताया कि मामले में सहयोग करने वाले चार रिश्तेदारों को भी पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतिन मसराम सहित उप निरीक्षक महेंद्र भगत, मयंक उइके, संजय सोनवानी, पूनम उइके, मुकेश डोंगरे, अंजना मरावी, चेतन मर्सकोले तथा साइबर सेल और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








