Home CITY NEWS कुकड़ी खापा जलप्रपात में जिंदगी और मौत के बीच फंसे नागपुर के...

कुकड़ी खापा जलप्रपात में जिंदगी और मौत के बीच फंसे नागपुर के 4 युवक

कुकड़ी खापा जलप्रपात में जिंदगी और मौत के बीच फंसे नागपुर के 4 युवक

150 फीट नीचे तेज बहाव में पत्थर पर अटकी सांसें, छिंदवाड़ा पुलिस और SDRF ने चलाया जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन

अचानक पहाड़ी बारिश से बढ़ा पानी का बहाव, रस्सी और लाइफ जैकेट की मदद से चारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला

छिंदवाड़ा। जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ी खापा जलप्रपात में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नागपुर महाराष्ट्र से घूमने आए चार युवक अचानक तेज पानी के बहाव के बीच फंस गए। पानी कम देखकर वॉटरफॉल के नीचे उतरना युवकों के लिए मुसीबत बन गया। पहाड़ी क्षेत्र में अचानक बारिश होने से जलप्रपात का बहाव तेज हो गया और चारों युवक करीब 150 फीट नीचे एक बड़े पत्थर पर फंस गए। सूचना मिलते ही छिंदवाड़ा पुलिस और SDRF की टीम ने मोर्चा संभाला। कठिन और जोखिम भरी परिस्थितियों के बीच चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

पानी का बहाव बढ़ते ही पत्थर पर फंसे युवक

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को दोपहर जिला कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा को सूचना प्राप्त हुई कि कुकड़ी खापा जलप्रपात में नागपुर से आए चार पर्यटक पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए हैं। बताया गया कि वॉटरफॉल में पानी कम दिखाई देने पर युवक नीचे उतर गए थे और एक बड़े पत्थर पर जाकर बैठ गए। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में बारिश होने से ऊपर से पानी का बहाव अचानक अत्यधिक तेज हो गया। देखते ही देखते बाढ़ जैसी स्थिति बन गई और चारों युवक करीब 150 फीट नीचे तेज बहाव के बीच पत्थर पर फंस गए।

स्नेहलता पाठ्या
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल पहुंची रेस्क्यू टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में तत्काल रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया। मौके पर थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक संजय भलावी, चौकी उमरानाला प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में मोहखेड़ थाना एवं चौकी उमरानाला का पुलिस बल पहुंचा। वहीं SDRF टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश धुर्वे के नेतृत्व में टीम ने भी मोर्चा संभाला।

रस्सी और लाइफ जैकेट के सहारे बचाई चार जिंदगियां

जलप्रपात में पानी का तेज बहाव और नीचे की कठिन परिस्थितियां रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती थीं। पुलिस एवं SDRF जवानों ने रस्सी, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अथक प्रयासों और जोखिम उठाते हुए टीम ने चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि सभी चारों पर्यटक सकुशल एवं स्वस्थ हैं।

ये चार पर्यटक हुए सुरक्षित

  1. श्याम बोरकर, उम्र 25 वर्ष, निवासी नंदनवन, नागपुर।
  2. अथर्व उके, उम्र 22 वर्ष, निवासी नंदनवन, नागपुर।
  3. मनीष उइके, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागपुर।
  4. सतीश बावने, उम्र 23 वर्ष, निवासी नागपुर।

रेस्क्यू टीम की सराहनीय भूमिका

रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी मोहखेड़ संजय भलावी, चौकी उमरानाला प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू, सउनि संतोष बघेल, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे, राजेश बैस, आरक्षक संजय राहांगडाले, विश्राम इनवाती, राजेंद्र भलावी, महिला आरक्षक तमन्ना उईके, सैनिक रमेश पवार, डायल 112 पायलट गीतेन्द्र पाठे सहित SDRF टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश धुर्वे एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं जिला कंट्रोल रूम से प्रभारी डी.एस. शेंडे, म.प्र.आर. राजनीता बघेल एवं म.आर. सुशीला चौहान द्वारा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में सहयोग किया गया।

छिंदवाड़ा पुलिस की पर्यटकों से अपील

छिंदवाड़ा पुलिस ने आम जनता एवं पर्यटकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में जलप्रपात, नदी एवं नालों के पास अत्यधिक सावधानी बरतें। पानी कम दिखाई देने पर भी गहरे पानी या जलप्रपात के नीचे न उतरें। अचानक पहाड़ी बारिश से जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ सकता है। चेतावनी बोर्डों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।