Home AGRICULTURE किसानों को केन में डीजल देने पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाया...

किसानों को केन में डीजल देने पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाया जाए: पुष्पेन्द्र सिंह

किसानों को केन में डीजल देने पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाया जाए: पुष्पेन्द्र सिंह
छिंदवाड़ा, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह ने किसानों को केन में डीजल दिए जाने पर लगाए गए प्रतिबंध का विरोध करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
जारी बयान में उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार किसानों पर लगातार नए-नए नियम और कानून लागू कर उन्हें परेशान कर रही है। वर्तमान समय में मानसून की दस्तक के साथ किसान खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे हुए हैं तथा खेतों की बखरानी और बोनी का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पेट्रोल पंपों से केन में डीजल देने पर रोक लगाकर सरकार ने उनकी परेशानियां बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक किसानों के खेत पेट्रोल पंपों से दूर स्थित हैं, ऐसे में उन्हें ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों के लिए डीजल उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि किसानों को डीजल लेने के लिए ट्रैक्टर लेकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंचना पड़ेगा तो वहां अनावश्यक भीड़ बढ़ेगी, समय की बर्बादी होगी और कृषि कार्य भी प्रभावित होंगे। इससे बोनी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में देरी होने की आशंका है।
जिला किसान कांग्रेस ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं सरकार से मांग की है कि केन में डीजल देने पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल हटाया जाए, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक ईंधन आसानी से उपलब्ध हो सके और खेती-किसानी प्रभावित न हो।