छिंदवाड़ा में बाघ की खाल, खोपड़ी और चार पंजे बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाघ की खाल, खोपड़ी और चार पंजों सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सावरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जामुनिया में मुखबिर की सूचना पर की गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग बाघ के अवयवों की अवैध खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वन संरक्षक कमल अरोरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। उपवन मंडल अधिकारी अनादि बुधौलिया एवं परिक्षेत्र अधिकारी कीर्ति बाला गुप्ता के नेतृत्व में वन अमले ने जामुनिया गांव में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक बाघ की खाल, एक खोपड़ी तथा नाखून सहित चार पंजे बरामद किए गए। वन विभाग ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
वन अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा वन्यजीव अंगों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
वन मंडल अधिकारी स्वरूप दीक्षित ने बताया कि वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सावरी परिक्षेत्र के वन अमले एवं वन रक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।








