Home CITY NEWS ना तुम जीते, ना हम हारे: सुलह-सहमति से 1942 प्रकरणों का निराकरण

ना तुम जीते, ना हम हारे: सुलह-सहमति से 1942 प्रकरणों का निराकरण


ना तुम जीते, ना हम हारे: सुलह-सहमति से 1942 प्रकरणों का निराकरण
नेशनल लोक अदालत में 11 करोड़ 27 लाख 60 हजार 667 रुपए के अवॉर्ड पारित

छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार शनिवार 12 सितंबर 2026 को वर्ष की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय छिंदवाड़ा सहित तहसील न्यायालय परासिया, चौरई, पांढुर्णा, सौंसर, जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, हर्रई एवं तामिया में किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुशांत हुद्दार के कुशल नेतृत्व में आयोजित लोक अदालत में आपसी सुलह एवं सहमति के आधार पर कुल 1942 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें 11 करोड़ 27 लाख 60 हजार 667 रुपए के अवॉर्ड पारित किए गए।
35 खंडपीठों ने किया प्रकरणों का निराकरण
नेशनल लोक अदालत में 35 खंडपीठों के माध्यम से लंबित एवं प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया। लंबित प्रकरणों में मोटर दुर्घटना के 47 मामलों में 1 करोड़ 95 लाख 96 हजार 724 रुपए, चेक बाउंस के 286 मामलों में 6 करोड़ 49 लाख 08 हजार 418 रुपए तथा विद्युत अधिनियम के 70 प्रकरणों में 12 लाख 50 हजार 801 रुपए के अवॉर्ड पारित किए गए।
इसी प्रकार अन्य सिविल प्रकृति के 36 प्रकरणों में 51 लाख 09 हजार 747 रुपए तथा अन्य प्रकृति के 73 प्रकरणों में 1 करोड़ 00 लाख 29 हजार 920 रुपए के अवॉर्ड पारित हुए। लंबित प्रकरणों में कुल 909 मामलों का आपसी राजीनामा एवं सुलह के आधार पर निराकरण किया गया, जिनमें 10 करोड़ 26 लाख 27 हजार 110 रुपए की अवॉर्ड राशि के आदेश पारित किए गए। इसके अलावा राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण, पारिवारिक विवाद एवं यातायात चालान सहित अन्य मामलों का भी निराकरण किया गया।
प्रिलिटिगेशन के 1033 मामलों में समझौता
प्रिलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक बकाया वसूली के 20 मामलों में 12 लाख 85 हजार 950 रुपए, नगर निगम एवं नगरपालिका के जलकर से संबंधित 232 मामलों में 11 लाख 80 हजार 512 रुपए तथा विद्युत विभाग के 553 मामलों में 49 लाख 06 हजार 385 रुपए के अवॉर्ड पारित किए गए। इस प्रकार कुल 1033 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी राजीनामा के आधार पर निराकरण हुआ, जिनमें 1 करोड़ 01 लाख 33 हजार 557 रुपए की अवॉर्ड राशि के आदेश पारित किए गए।


दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ
नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुशांत हुद्दार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री सुधीर मिश्रा सहित समस्त न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री राजकुमार मिश्रा, अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी, न्यायालयीन कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सचिव ने व्यक्त किया आभार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा के सचिव एवं न्यायाधीश श्री राकेश सिंह ने सफल नेशनल लोक अदालत के आयोजन पर समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, विभागीय अधिकारियों एवं पक्षकारों का आभार व्यक्त किया। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान प्राप्त हुआ।