सांवरी परिक्षेत्र में अवैध सागौन परिवहन के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, महिंद्रा पिकअप जब्त
छिंदवाड़ा, । पश्चिम छिंदवाड़ा वनमंडल के अंतर्गत सांवरी परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से सागौन परिवहन किए जाने के संदेह में एक महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राधिकृत अधिकारी एवं उपवनमंडलाधिकारी, परासिया उपवनमंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 4 बजे मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सांवरी परिक्षेत्र का अमला लावाघोघरी से सांवरी मार्ग पर गुजरने वाले पिकअप वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान प्रधानघोघरी की ओर से आती एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से लेकर आगे बढ़ गया।
वन विभाग के अनुसार वाहन को बाद में गुबरैल पुलिया के समीप लावारिस अवस्था में पाया गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पिकअप क्रमांक MP52G0119 में ग्रीन नेट से ढंके हुए 11 नग सागौन के गीले लट्ठे एवं चरपट बरामद किए गए।
विभाग ने इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 2120/63 दिनांक 24 फरवरी 2026 दर्ज किया है। वन विभाग द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि यदि उक्त वाहन पर किसी व्यक्ति का स्वामित्व या वैध दावा है, तो संबंधित व्यक्ति 12 जून 2026 तक उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कोई दावा या पक्ष प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार वाहन एवं जब्त सामग्री के संबंध में राजसात (जब्ती) की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।








