ग्राम पंचायत जोगीमुआर में पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
Chhindwara (पंचायत दिशा समाचार)। जनपद पंचायत तामिया अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगीमुआर के मरकाखेड़ा ग्राम में निर्माणाधीन पुलिया कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित उपयंत्री की मिलीभगत से निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण में पुराने एवं क्षतिग्रस्त पाइपों का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, पुलिया के पाइप बिना उचित बेस (नींव) डाले सीधे जमीन पर स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे निर्माण की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया एवं गुणवत्ताहीन सामग्री का भी उपयोग किया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार सरपंच और सचिव को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारने एवं नए पाइप लगाने की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में पानी की तराई (क्योरिंग) भी नहीं की जा रही है, जिसके कारण पुलिया अल्प समय में ही क्षतिग्रस्त हो सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि निर्माण कार्य इसी प्रकार जारी रहा तो कुछ ही महीनों में पुलिया की हालत खराब हो जाएगी और सरकारी धन का दुरुपयोग साबित होगा। निर्माण कार्य की तकनीकी निगरानी और मूल्यांकन की जिम्मेदारी संबंधित उपयंत्री की होती है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में उपयंत्री की भूमिका भी संदेह के घेरे में दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत तामिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कौन-सी कार्रवाई की जाती है।
नोट : इस समाचार में वर्णित आरोप स्थानीय ग्रामीणों एवं प्राप्त शिकायतों पर आधारित हैं। संबंधित पक्षों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








