Home STATE गोटमार मेले में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत रखने कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने दिए...

गोटमार मेले में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत रखने कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने दिए सख्त निर्देश

गोटमार मेले में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत रखने कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने दिए सख्त निर्देश

7 मेडिकल कैंप, करीब 300 स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी-छोटी एंबुलेंस रहेंगी तैनात

पांढुर्णा। विश्व प्रसिद्ध गोटमार मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं मेले में शामिल होने वाले लोगों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में गोटमार मेले की चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बड़ी और छोटी दोनों एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मेले के दौरान बड़ी और छोटी दोनों प्रकार की एंबुलेंस पर्याप्त संख्या में तैनात की जाएं। उन्होंने कहा कि छोटी एंबुलेंस के माध्यम से ऐसे स्थानों से भी घायलों को तत्काल मेडिकल कैंप तक पहुंचाया जा सकेगा, जहां बड़ी एंबुलेंस का पहुंचना संभव नहीं होगा।

उन्होंने आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर सामग्री की त्वरित आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।

मेडिकल कैंपों में रहेंगी सभी जरूरी सुविधाएं

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी मेडिकल कैंपों में पर्याप्त संख्या में पलंग, कुर्सियां, पेयजल, स्ट्रेचर और आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। चिकित्सा दलों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी नियुक्त चिकित्सा दल प्रातः 9 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

7 मेडिकल कैंपों में तैनात रहेगा 300 सदस्यीय अमला

बैठक में बताया गया कि गोटमार मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग का करीब 300 सदस्यीय अमला चिकित्सा सेवाओं के लिए तैनात रहेगा। मेले में कुल 7 मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक मेडिकल कैंप में 13 सदस्यीय चिकित्सा दल तैनात रहेगा, जो मौके पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

इसके अतिरिक्त सिविल अस्पताल पांढुर्णा में भी विशेष स्वास्थ्य अमला तैनात रहेगा। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी चिकित्सा दलों के पृथक-पृथक ड्यूटी आदेश जारी करने और उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

गोटमार मेले को लेकर प्रशासन की तैयारियों के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।